उत्तर प्रदेश

नोएडा में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच त्यागी समाज की महापंचायत शुरू

-भाजपा सांसद महेश शर्मा ने लगाई सुरक्षा की गुहार

नोएडा, 21अगस्त। फेस-2 थाना इलाके की ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में भाजपा के कथित नेता श्रीकांत त्यागी के समर्थन में रविवार को त्यागी समाज की पूर्व घोषित महापंचायत कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शुरू हो गई। पंचायत में सोसाइटी में हंगामा करने की वजह से जेल गए छह युवकों को सम्मानित किया गया। वहीं भाजपा सांसद महेश शर्मा ने पंचायत के मद्देनजर राज्य सरकार को पत्र लिखकर अपनी एवं अपने अस्पतालों की सुरक्षा और कड़ी करने की गुहार लगाई है। हालांकि आवास और कैलाश अस्पताल के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात है।

संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा के बैनर तले गेझा महर्षि आश्रम रामलीला मैदान में महापंचायत चल रही रही है। इसमें हजारों की संख्या में लोग जुटे हैं। मोर्चा ने इस महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश एवं अन्य प्रदेश के लोगों से जुड़ने की अपील की थी। महापंचायत में शामिल होने के लिए शनिवार शाम तक सैकड़ों लोग नोएडा पहुंच गए थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं।

महापंचायत पर पुलिस, फायर विभाग एवं एलआईयू की टीमें नजर बनाए हुई हैं। वहीं ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में भी सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। महिला पुलिसकर्मियों को भी पंचायत स्थल पर तैनात किया गया है। महापंचायत में श्रीकांत त्यागी के साथ जेल गए लोकेंद्र त्यागी ने श्रीकांत त्यागी का संदेश सुनाया। लोकेंद्र ने कहा, आपने गैंगस्टर से नेता बनते हुए तो बहुत देखे होंगे, लेकिन नेता से गैंगस्टर देखना हो तो श्रीकांत त्यागी को देखिए।

उल्लेखनीय है कि पांच अगस्त को श्रीकांत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें श्रीकांत त्यागी एक महिला के साथ गालीगलौज और धक्का देते हुए दिख रहा था। मामले के तूल पकड़ने के बाद श्रीकांत फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसपर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker