उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा युवा प्रदेश : योगी
मुरादाबाद 15 अक्टूबर। हमारे युवा दुनिया में सबसे प्रतिभाशाली युवा हैं। उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा युवा प्रदेश है। हम सभी का लक्ष्य एक भारत- श्रेष्ठ भारत होना चाहिए तभी हम आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा कर सकते हैं। यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मुरादाबाद में दिल्ली रोड सर्किट हाउस के पीछे आर्यवीर महासम्मेलन में कही।
आर्य वीर दल उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में 14 अक्टूबर से प्रारंभ हुए तीन दिवसीय आर्यवीर महासम्मेलन कार्यक्रम में दूसरे दिन पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सब जब संस्कारवान होंगे, हमारी मातृभूमि के प्रति हमारे मन में भावात्मक लगाव होगा, विरासत के प्रति सम्मान का भाव होगा ,हर मन में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प होगा तो इसके परिणाम अपने आप सबके सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना दुनिया की अर्थव्यवस्था में भारत को नंबर वन बनाएगी। आने वाला समय निश्चित रूप से भारत का होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को इन विचारों और कार्यों के साथ आगे बढ़ाया कि हमारी नीतियां, हमारी प्रक्रिया, हमारे उत्पाद, सब कुछ सर्वोत्तम होने चाहिए, तभी हम एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर पाएंगे। इसकी झलक उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में भी देखी जा सकती है, जिसके कारण भारत ने असंभव को संभव कर दिखाया। वह प्रत्येक भारतीय को इस इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा और मार्गदर्शन देते हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने से देश में एक बड़ा बदलाव आएगा। मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेजों में अब हिंदी में भी पढ़ाई हो रही है। वह दिन दूर नहीं, जब देश के प्रत्येक महाविद्यालय और विद्यालय में भी हिंदी में पढ़ाई होगी।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सत्ता संभालने के बाद देश में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को ऐतिहासिक सम्मान भारत में मिला है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के द्वारा संभव हुआ है। मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में आयुष मंत्रालय का गठन किया गया। देश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिले, इसके लिए भी प्रधानमंत्री मोदी प्रयासरत हैं और उन्होंने पूरे देश में अभियान चला रखा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऋषि परंपरा को लेकर आर्य वीर दल आगे बढ़ रहा है आर्य वीरों को चाहिए कि वह जहां भी जाएं, वहां सरकार के कार्यक्रमों की जानकारी भी दें। जहां कहीं भी जातिगत भेदभाव की बात हो रही हो, विधवा विवाह का विरोध हो रहा हो, बाल विवाह का समर्थन हो रहा हो, ऐसे स्थानों पर सरकार की उपलब्धियां बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मंत्री सामूहिक विवाह योजना चलाई जा रही हैं यह बिना किसी धर्म जाति भेदभाव के आयोजित हो रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दो लाख जोड़ों का सामूहिक विवाह अभी तक संपन्न कराया जा चुका है।
इस मौके पर मंच पर विश्व प्रख्यात योग गुरु बाबा रामदेव, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री व मुरादाबाद मंडल के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी राज्य मंत्री संजय गंगवार बागपत के सांसद सतपाल मलिक, नगर विधायक रितेश गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश कुमार सिंह, पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह चौहान, कार्यक्रम आयोजक ज्ञानेंद्र गांधी, रमेश आर्य आदि बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष व युवा उपस्थित रहे।