बिहार

गंगाजल की उपलब्धता के बाद लोगों की भूगर्भीय जल पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी: मुख्यमंत्री

पटना/गया, 28 नवम्बर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोधगया के महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र में दीप प्रज्ज्वलित कर एवं रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर गंगाजल आपूर्ति योजना का शुभारंभ किया।इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगाजल की उपलब्धता के बाद लोगों की भूगर्भीय जल पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।

सीएम ने कहा कि नवादा में अभी इस योजना के शुभारंभ में थोड़ा वक्त लगेगा। राजगीर से जो गंगाजल गया पहुंचेगा उसका यहां तीन जगहों पर ट्रीटमेंट किया जायेगा। यहीं से गंगाजल गया और बोधगया के सभी घरों में सप्लाई होगा। यह काम यहां के लिए बहुत जरूरी था। गर्मी के दिनों में यहां पर पानी का काफी संकट पैदा हो जाता था। पीने के पानी के लिए भी लोग परेशान रहते थे। उसी समय मेरे मन में ख्याल आया कि सबसे अच्छा होगा कि यहां पर हमलोग गंगाजल की आपूर्ति करा दें। राजगीर में गंगाजल पहुंचाने वाला काम पहले हो गया था लेकिन हमने कहा था कि जब तक गया और बोधगया में इसका काम पूरा नहीं हो जाएगा तब तक योजना की शुरुआत नहीं करेंगे। कल राजगीर में गंगाजल आपूर्ति योजना का शुभारंभ किया गया और आज गया और बोधगया में इस योजना का शुभारंभ हो रहा है।

इससे पहले सीएम ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गया, बोधगया में गंगाजल आपूर्ति योजना की शुरुआत आज से की गई है। हमलोगों ने जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत 2019 में की। इसके लिए सभी पार्टियों के विधायकों एवं विधान पार्षदों की बैठक कर चर्चा की गई। जल – जीवन – हरियाली का मतलब है जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है। इसी को ध्यान में रखकर अनेक कार्य शुरू किए गए। इसी के तहत गया, बोधगया और नवादा में गंगाजल आपूर्ति का निर्णय लिया गया। यहां जल संकट व्याप्त था। गर्मी के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, इसी को लेकर हर घर तक गंगाजल की आपूर्ति शुरू कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र के समीप निर्माणाधीन स्टेट गेस्ट हाऊस नये साल की शुरुआत में कंप्लीट हो जाएगा। स्टेट गेस्ट हाऊस के निर्माण के बाद पर्यटकों को यहां रहने की और बेहतर सुविधा मिलेगी। बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आएंगे। इससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा और उनकी आमदनी बढ़ेगी। इसके निर्माण से बोधगया में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गंगाजल के प्रति लोगों की कितनी आस्था है। वर्ष 2019 में हमने कहा था कि हर हाल में गंगाजल गया में उपलब्ध कराना है। गया में कैबिनेट की मीटिंग रखी गई थी और इसको लेकर सारी चीजों का निर्णय किया गया था। गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने के बाद कभी भी पेयजल का संकट नहीं रहेगा। प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

गंगाजल हथीदह से पाइपलाइन के जरिए नवादा, राजगीर गया और बोधगया आ रहा है। अगले वर्ष नवादा में भी गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। गया-बोधगया ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल है इसलिए इसके विकास के लिए लगातार सरकार काम कर रही है। गंगाजल आपूर्ति योजना पर राज्य सरकार द्वारा 4,175 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। इसके मेंटेनेंस की भी व्यवस्था करायी जा रही है। गया नगर निगम के 53 एवं बोधगया के 9 वार्डों में सभी जगह गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गई है। गयाजी में लाखों लोग पूर्वजों के पिंडदान के लिए आते हैं। इसके लिए विष्णुपद मंदिर के समीप फल्गू नदी में गयाजी डैम का निर्माण कराया गया। इससे तीर्थयात्रियों को काफी सुविधा हुई और इसे लेकर उनमें काफी प्रसन्नता है। आज योजना का उद्घाटन करते हुए काफी प्रसन्नता हो रही है और मुझे खुशी हो रही है कि यहां सबको गंगाजल मिलना शुरू हो गया है।कार्यक्रम के पूर्व मुख्यमंत्री ने गया के मानपुर में 186.5 एमएलडी जलशोधन संयंत्र एवं क्लियर वाटर पंप हाऊस का बटन दबाकर उद्घाटन किया एवं संयंत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker