अंतर्राष्ट्रीय

पेरिस के रेलवे स्टेशन पर चाकुओं से हमला, पुलिस ने हमलावर पर बरसाई गोलियां

पेरिस, 11 जनवरी। फ्रांस की राजधानी पेरिस के एक व्यस्त रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को चाकुओं से हमला कर जख्मी कर दिया। हमलावर को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को उस पर गोलियां बरसानी पड़ीं।

फ्रांस की राजधानी पेरिस के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में से एक गैर दु नार्द में बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। सुबह छह बजकर पैंतालीस मिनट पर एक हमलावर ने अचानक स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों पर चाकू चलाने शुरू कर दिये। चाकूबाजी में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। अचानक हुई चाकूबाजी से स्टेशन पर भगदड़ मच गयी। लोग चीख-पुकार कर इधर उधर भागने लगे। हंगामे से सचेत हुई पुलिस ने हमलावर पर काबू पाने की कोशिश की किन्तु वह नियंत्रित नहीं हो रहा था। इस पर पुलिस को हमलावर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी पड़ीं। कई चक्र फायरिंग के बाद हमलावर काबू में आया। गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर के शिकार चाकू से जख्मी लोग भी अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।

गैर दु नोर्द स्टेशन फ्रांस ही नहीं, यूरोप के प्रमुख और व्यस्त स्टेशनों में से एक माना जाता है। यह स्टेशन पेरिस को लंदन और उत्तरी यूरोप से जोड़ता है। फ्रांस में रेल सेवाओं को संचालित करने वाले रेल ऑपरेटर एसएनसीएफ की ओर से जानकारी दी गयी कि इस हमले के बाद स्टेशन का यातायात बाधित हुआ। एसएनसीएफ के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से ट्वीट कर दावा किया गया कि इलाके में एक सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है लेकिन स्टेशन सामान्य रूप से काम कर रहा है। पेरिस पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि इस हमले में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक काफी गंभीर है। पुलिस के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति ने चाकू से लोगों पर हमला क्यों किया।

फ्रांस के गृह मंत्री जेराल्ड डर्मैनिन हमले के तुरंत बाद गैर दु नोर्द रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि स्टेशन परएक व्यक्ति ने कई लोगों को घायल कर दिया। हालांकि, हमलावर पर कुछ ही देर में काबू पा लिया गया। हमले के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को शाबासी देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हमलावर को समय रहते काबू में कर लिया नहीं तो हमलावर कई और लोगों को नुकसान पहुंचा सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker