हिसार: मशहूर पर्वतारोही रोहतास खिलेरी आम आदमी पार्टी में शामिल
हिसार, 08 अक्टूबर। मशहूर पर्वतारोही और विश्व की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराकर कीर्तिमान स्थापित करने वाले रोहतास खिलेरी शनिवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा, प्रदेश सह प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह और प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण प्रभाकर गौड़ की मौजूदगी में वे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
राजगढ़ रोड स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता में आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि स्थानीय युवा आम आदमी पार्टी को बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं। युवाओं को मुद्दों की समझ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और ग्रामीणों का संघर्ष रंग लाया, गांव ढाणी मोहब्बतपुर का सरकारी स्कूल खोलने के लिए सरकार को मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि ये शुरुआत है, प्रदेश के एक भी स्कूल को बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदमपुर का सीधा मुकाबला विदेशी भव्य बिश्नोई और स्थानीय उम्मीदवार सतेंद्र सिंह में है। आदमपुर के लोगों को ऐसा उम्मीदवार चाहिए जो रात दिन उनके बीच रहे। इनको जरूरत हो तो उनकी समस्या सुनने के लिए रहे। उन्होंने कहा कि एक तरफ आदमपुर के पांचवीं कक्षा के बच्चे अंग्रेजी तक भी नहीं पढ़ पाते वहीं भव्य विदेशों में पढ़ कर अंग्रेजी बोलते हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर का आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार जनता ने सर्वे के आधार पर चुना है।
वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की टिकट के लिए यहां से कोई भी तैयार नहीं है। हमेशा बीजेपी और कांग्रेस की अंदरूनी सेटिंग होती थी, जिसका फायदा कुलदीप बिश्नोई को होता था। अब देखना ये है कि कांग्रेस किसको उम्मीदवार बनाती है। अबकी बार आदमपुर की जनता समझदार है। वर्षों के परिवारवाद और दोस्तवाद को खत्म करके इस बार भारत वाद की शुरुआत होगी। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया कोऑर्डिनेटर सुनील मलिक, सह संगठन मंत्री संजय सतरोडिया, भूपेंद्र बेनीवाल, रामप्रताप गढ़वाल, उमेश शर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।