समय पर कराए जाएं एमसीडी चुनाव : केजरीवाल
नई दिल्ली, 05 जुलाई । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हार के डर से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव टाल रही है।
केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा के मॉनसून सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि वह केन्द्र सरकार से मांग करते हैं कि एमसीडी चुनाव समय पर कराए जाएं। केजरीवाल ने कहा कि सरकार अगर उनकी बात नहीं मानेगी तो वह कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी से हार के डर से चुनाव टाल रही है। ऐसा करना स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मुनासिब नहीं है।
केजरीवाल ने अपने संबोधन में आप नेता सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर केन्द्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश को मोहल्ला क्लीनिक जैसा सफल मॉडल देने वाले व्यक्ति को केन्द्र सरकार जेल ने जेल में डाल दिया। लेकिन जैन पर जनता आज भी भरोसा करती है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के शिक्षा मॉडल की चर्चा पूरी दुनिया में है। विदेश से लोग दिल्ली के शिक्षा मॉडल का मुआयना करने आ रहे हैं। लेकिन केन्द्र सरकार इस शिक्षा मॉडल को झुठलाने का प्रयास करती है।