जल शक्ति के अंतर्गत किसान मेले का आयोजन, 300 किसानों ने की सहभागिता
कानपुर, 13 नवम्बर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र दलीपनगर के गांव सहतावनपुरवा में जल शक्ति के अंतर्गत विशाल किसान मेले का आयोजन किया गया। वैज्ञानिकों ने उपस्थित कृषकों को जल संरक्षण कार्यो के बारे में जानकारी दी।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ रामप्रकाश ने प्रत्येक घर में जल बचत की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित व पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। मृदा वैज्ञानिक डॉ खलील खान ने फसलों में जल संरक्षण की विधियों के बारे में बताते हुए जैविक खाद तथा फल संरक्षण के उपायों के बारे में चर्चा की। इसी प्रकार केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अजय कुमार सिंह ने सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
गृह वैज्ञानिक डॉक्टर निमिषा अवस्थी ने जल बचत के बारे में चर्चा की। इसके अलावा घर-घर में पोषण वाटिका लगाने के लिए महिलाओं का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिला पंचायत सदस्य एसपी वर्मा ने कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा बताए गये तरीकों को अपनाएं। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 300 से अधिक लोगों की सहभागिता रही।