लगातार 200 घंटे तक सफाई करने पर नगर निगम का इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज
गाजियाबाद, 11 अक्टूबर। गाजियाबाद नगर निगम ने लगातार 200 घंटे सफाई करके अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया। इससे पहले यह रिकॉर्ड कानपुर नगर निगम के नाम था। कानपुर नगर निगम ने लगातार 186 घंटे तक सफाई का कार्य किया था।
गाजियाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित लगातार 200 घंटे सफाई अभियान पूर्ण होने पर मंगलवार को समापन समारोह का आयोजन किया गया। महापौर आशा शर्मा ने कहा कि 200 घंटे लगातार सफाई अभियान में रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद ग्रेटर का विशेष योगदान रहा। टीम के द्वारा सफाई शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में भी कराई गई और जन जागरुकता अभियान चलाया गया। सफाई अभियान के इस कार्यक्रम की शुरुआत दो अक्टूबर गांधी जयंती के शुभ अवसर पर नंदग्राम क्षेत्र से की गई। बिना रुके लगातार सफाई अभियान चलता रहा जिसका समापन लाल कुआं स्थित आईपीएम कॉलेज पर किया गया। इस अवसर पर महापौर शर्मा और नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड को प्रशस्ति पत्र तथा मेडल भी दिए गए।