अंतर्राष्ट्रीय

न्यूयॉर्क में तोड़ी गयी महात्मा गांधी की प्रतिमा

न्यूयॉर्क, 19 अगस्त। अमेरिका के न्यूयॉर्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़े जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसे नफरती अपराध के रूप में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक न्यूयॉर्क में साउथ रिचमंड हिल स्थित हिंदू मंदिर, श्री तुलसी मंदिर के सामने स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ दी गयी। अज्ञात लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को हथौड़े से तोड़ डाला। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति गांधी की प्रतिमा को पहले हथौड़े से पीटता है, फिर प्रतिमा के सिर का हिस्सा तोड़कर गिरा देता है। कुछ ही देर बाद छह लोगों का समूह आता है और सभी बारी-बारी से हथौड़ा मारकर प्रतिमा को गिरा देते हैं। इसके बाद इन लोगों ने टूटी प्रतिमा के ऊपर, बगल में और मुख्य मार्ग पर स्प्रे पेंट से अभद्र शब्द लिखे।

तोड़ी गयी गांधी प्रतिमा के सामने स्थित श्री तुलसी मंदिर के संस्थापक लखराम महाराज ने कहा कि इस तरह महात्मा गांधी की प्रतिमा टूटते देखना बहुत दर्दनाक है। उन्हें सुबह पता चला कि महात्मा गांधी की प्रतिमा ध्वस्त की गई है। इस घटना के बाद वहां रहने वाले भारतीय मूल के लोग अब मंदिर जाने से भी डर रहे हैं।

न्यूयॉर्क पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों ने बताया कि दो हफ्ते पहले भी महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी गई थी। गांधी की प्रतिमा तोड़ने को लेकर असेंबली सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा कि यह वास्तव में हमारी सभी मान्यताओं के खिलाफ है और यह समुदाय के लिए बहुत परेशान करने वाला है। न्यूयॉर्क पुलिस नफरती अपराध के रूप में दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।

यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी गयी है। इस साल फरवरी में मैनहट्टन के यूनियन स्क्वायर स्थित आठ फुट ऊंची गांधी प्रतिमा को अज्ञात व्यक्तियों ने विरूपित कर दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker