गुरुग्राम: रिजॉर्ट पॉलिटिक्स और डर्टी ट्रिक्स की हुई हार: जीएल शर्मा
-विकास में सहयोगी बनेंगे दोनों नवनिर्वाचित सदस्य
गुरुग्राम, 11 जून प्रदेश की दो राज्यसभा सीटों के परिणाम के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में लोकतंत्र की जीत हुई है। रिजॉर्ट पॉलिटिक्स और डर्टी ट्रिक्स चारों खाने चित हो गई।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो ड्रामा किया, भाजपा पर जो आरोप लगाए, उसका परिणाम उसे मिल गया। भाजपा पर खरीद-फरोख्त और अनाप-शनाप आरोप लगाने वालों के मुंह पर यह करारा तमाचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव में शिरकत की। दोनों सदस्यों की जीत के लिए उन्होंने निर्वाचक मंडल का आभार जताया। उन्होंने दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित ही दोनों सदस्य संसद के ऊपरी सदन में हरियाणा के हितों को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेश के विकास में सहयोगी बनेंगे। जीएल शर्मा ने कहा कि कृष्ण लाल पंवार जैसे मेहनती और कर्मठ कार्यकर्ता को राज्यसभा भेजकर पार्टी ने यह साबित कर दिया कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के मान सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि कृष्ण लाल पंवार समाज के वंचित, अति पिछड़े तबके से आते हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, ईमानदारी और निष्ठा से पार्टी में अपनी जगह बनाई। इसका परिणाम आज सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि निर्दलीय के तौर पर जीते कार्तिकेय राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी राजनीतिक पारी आरंभ कर रहे हैं। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक है। उनके पिता विनोद शर्मा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रहे हैं। निश्चित ही विनोद शर्मा के अनुभव का लाभ कार्तिकेय को मिलेगा।