तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों के मन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य जगाना: केशव प्रसाद मौर्या
-हाईकोर्ट से चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा तक लहराया तिरंगा
– देश में राष्ट्रभक्ति की नई लहर उत्पन्न होने जा रही
प्रयागराज, 10 अगस्त। भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में बुधवार को धूमधाम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के समापन पर श्री मौर्या ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों के मन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध उत्पन्न करना है।
तिरंगा यात्रा हाईकोर्ट के पास भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से शुरू हुई। जो सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर, सुभाष चौराहा, बड़े हनुमान मंदिर होते हुए कम्पनी बाग स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के पास पहुंची। यहां फूल समर्पित करने और नमन करने के बाद यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान लोगों का देश के प्रति भक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तिरंगा हमारे आन-बान-शान का प्रतीक है। इससे व्यक्ति और देश को ताकत मिलती है। यह तिरंगा पूरी दुनिया में हमारी धाक है, इसी से हमारी पहचान है। भारतीय राष्ट्रीय ध्वज भारत के नागरिकों की आशाएं और आकांक्षाएं दर्शाता है। यह हमारे राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है। पिछले सात दशकों से अधिक समय से सशस्त्र सेना बलों के सदस्यों सहित अनेक नागरिकों ने तिरंगे की शान को बनाए रखने के लिए निरंतर अपने जीवन न्यौछावर किए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों के मन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध उत्पन्न करके आगामी 25 वर्षों के संकल्पों को पूरा करने का प्रण लेना है। केंद्र सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए फ्लैग कोड में भी अहम बदलाव किये हैं। आजादी के बाद पहली बार देश का हर नागरिक अपने घर, व्यापारिक प्रतिष्ठान या सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहरा सकता है। यही नहीं इस बार सूर्यास्त के बाद भी तिरंगा फहराया जा सकता है। आजादी के बाद देश ने पहली बार तिरंगे के जनक पिंगली वेंकैया का जन्म दिन मनाया और उनके योगदान को भी स्मरण किया। कहा कि देश में राष्ट्रभक्ति की नई लहर उत्पन्न होने जा रही है तथा नए संकल्पों के उदय होने और उन्हें पूरा करने का भी समय आ गया है, यह नया भारत है।
13 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान में हर किसी को शामिल होना चाहिए। यह किसी राजनैतिक दल का कार्यक्रम नहीं अपितु हर देशभक्त नागरिक का उत्सव है। यह अभियान एक भारत, श्रेष्ठ भरत की संकल्पना को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला अभियान है। राष्ट्रभक्ति का अर्थ केवल तिरंगा हाथ में लेकर चलना ही नहीं होता है, अपितु राष्ट्रीय कर्तव्य को पूरा करने का प्रण भी होता है। हमें तिरंगा अभियान में यह संकल्प लेना है कि अब हम जहाँ भी हैं, जो कुछ भी कर रहे हैं उसको करते हुए भारत भक्ति का भाव सबसे ऊपर रखेंगे।
पार्षद पवन श्रीवास्तव ने बताया कि काशी से होते हुए हंडिया बरौत की तिरंगा यात्रा को सम्बोधित करने के उपरांत लगभग सायंकाल 6 बजे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य डॉ भीमराव अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए नवदायित्व प्राप्ति को सभी के प्रेम स्नेह एवं आशीर्वाद का परिणाम बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महानगर प्रभारी लक्ष्मण आचार्य, महापौर अभिलाषा गुप्ता, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, विधायक हर्षवर्धन वाजपेई, विधायक गुरु प्रसाद मौर्या, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, निर्मला पासवान, पूर्व विधायक दीपक पटेल, प्रभा शंकर पाण्डेय, रणजीत सिंह, अवधेश गुप्ता, पार्षद आशीष गुप्ता, दिलीप श्रीवास्तव, गौरीश आहूजा, संदीप चौहान, कुशाग्र श्रीवास्तव सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।