कैथल: विदेशियों ने दो हजार का नोट देखने के बहाने 68 हजार ठगे
पुलिस ने विदेशी पति व उसकी पत्नी को किया गिरफ्तार
दोनों पति-पत्नी कोरोना पॉजिटिव, पुलिस ने किया क्वारंटाइन
कैथल,19 सितंबर। कैथल के एक खल मिल मालिक से विदेशी पति पत्नी ने 2 हजार का नोट देखने के बहाने 68 हजार रुपए ठग लिए। सोमवार को पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों तेहरान के रहने वाले हैं। मेडिकल परीक्षण में दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पुलिस ने उन्हें क्वारंटाइन कर दिया है। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
जींद रोड चुंगी के पास खल मिल के मालिक महेंद्र पाल ने बताया कि 17 सितंबर दोपहर को उसके मिल पर विदेशी महिला व पुरुष आए। दोनों ने उससे 80 रुपए में 2 किलो खल खरीदी। उसके बाद दोनों विदेशियों ने कहा कि उन्होंने कभी भारत का 2 हजार का नोट नहीं देखा। इसलिए उन्होंने भारत का 2 हजार का नोट दिखाने के लिए कहा। जैसे ही वह नोटों की गड्डी से नोट दिखाने लगा उन्होंने नोट उसके हाथ से छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने नोटों के पैकेट में से 34 नोट निकाल लिए और 68 हज़ार ठग लिए। एसपी मकसूद अहमद ने मामले की जांच सीआईए वन को सौंपी। सीआईए वन प्रभारी एसआई वीरभान सिंह की अगुवाई में एएसआई विरेंद्र सिंह की टीम ने सोमवार को ईरान की राजधानी तेहरान के रहने वाले विदेशी पति पत्नी अली उपनाम हाशीमी बोफराजोर्ड व अफसाना को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त होंडा सीटी गाडी जब्त कर ली गई। सोमवार को न्यायालय में पेश करने से पहले विधिवत मेडिकल परीक्षण करवाया गया। मेडिकल परीक्षण में डॉक्टर द्वारा दोनों आरोपियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। दोनो आरोपी पुलिस सुरक्षा घेरे में क्वारंटाइन किए गए।