जींद : सात घंटे तक जजपा जिला कार्यालय में उपमुख्यमंत्री ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्या
जींद, 13 जून । उप मुख्यंत्री दुष्यंत चौटाला जजपा कार्यालय में पहुंचे और सोमवार सुबह वह लगभग नौ बजे ही कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए कार्यालय में बैठ गए। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं की ज्यादा संख्या को देखते हुए जिले में दिनभर के कई अन्य कार्यक्रमों को स्थगित कर सायं चार बजे तक लगातार कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना।
इस दौरान विकास कार्यों की गति धीमी मिलने की शिकायत आई या फिर किसी कारण से लेट लतीफी की समस्या मिली, उसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर काम को जल्दी करने के निर्देश दिए।हालांकि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला एक माह बाद जींद पहुंचे। जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनसे मुलाकात की। अधिकतर समस्याएं ग्रामीणों की सार्वजनिक कार्यों की थी। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले भर में गर्मी के मौसम में कहीं पर भी बिजली, पेयजल व पशु तालाब में पानी की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके अलावा जिले में जो विकास कार्य चले हुए हैं। उनकी गति को बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को कहीं पर भी अधिकारियों के ढीले रवैये के चलते परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस मौके पर प्रदेश संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जिला प्रधान कृष्ण राठी, जुलाना से विधायक अमरजीत ढांडा, पिरथी नंबरदार, सुरजभान काजल, महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, चेयरमैन पवन खरखौदा, कुलदीप रंधावा, जिला पार्टी कार्यालय सचिव गुरदीप सांगवान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।इनेलो के कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष खजान सिंह खटकड़ ने इनेलो को अलविदा कहकर जजपा में अपनी आस्था दिखाई। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के हित जजपा में ही सुरक्षित हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने खजान सिंह खटकड़ को पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया।