2024 में नीतीश नहीं होंगे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार : ललन सिंह
पटना, 13 अगस्त। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की चर्चा की सभी संभावनाओं पर आज जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने विराम लगा दिया है। उन्होंने आज साफ तौर पर कह दिया है कि 2024 के लिए नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने में लग गए हैं और विपक्ष को भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़नी है तो सभी को अपनी महत्वाकांक्षा को दरकिनार कर एक साथ आना होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद भी 2024 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारी से मना किया था।
उल्लेखनीय है कि महागठबंधन के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने के बाद नीतीश कुमार ने सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि 2014 वाले 2024 में सत्ता में नहीं आएंगे। विपक्ष अब काम करेगा और विपक्ष अब सबकुछ होगा। इसके बाद से बिहार की राजनीति में यह चर्चा थी कि नीतीश कुमार 2024 में तेजस्वी को मुख्यमंत्री का पद सौंपकर दिल्ली चले जायेंगे। जिसपर आज जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने इससे संबंधित सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।