राष्ट्रीय

भारत जोड़ो यात्रा 22 किलोमीटर पूरा करने के बाद दो दिन के लिए चड़वाल में रुकी

कठुआ, 20 जनवरी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 22 किलोमीटर पूरा करने के बाद चड़वाल में रुक गई है। अब दो दिन के लिए यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग चड़वाल में बने अस्थाई कमरों में रुकेगी। 22 किमी यात्रा पूरी करने के बाद छन्न रोड़ियां से राहुल गांधी वापस दिल्ली के लिए लौट गए और उनके साथ चल रहे यात्री दो दिन चड़वाल में ही विश्राम करेंगे।

कड़ी सुरक्षा में कठुआ के हटली मोड़ से आज सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा रूक-रूक कर हो रही बारिश के बीच दोपहर दो बजे चड़वाल पहुंची। इस बीच राजबाग राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने एक ढाबे पर थोड़ी देर के लिए राहुल गांधी रुके और फिर यात्रा शुरू कर दी। इस राहुल गांधी कई प्रतिनिधिमंडलों से मिले। यात्रा के दौरान चलते-चलते प्रतिनिधिमंडलों की समस्याएं सुनी और उन्हें आश्वासन दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ स्थानीय लोग राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए बारिश में खड़े होकर इंतजार करते नजर आए। राहुल गांधी के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आये सैकड़ों यात्री उनके साथ समर्थन देते नजर आए। कुछ लोग ट्रैक्टर पर और कुछ लोग साइकिल से यात्रा करते नजर आए। इस बीच एक व्यक्ति सिंगापुर से यात्रा में शामिल होने के लिए कठुआ पहुंचा था।

राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर एक झलक पाने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शुक्रवार को 22 किलोमीटर भारत जोड़ो यात्रा पूरी की गई। इसी बीच जब भारत जोड़ो यात्रा छन्न रोड़ियां में पहुंची, तो राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पिछले 1 महीने से अपनी जमीनों के मुआवजे को लेकर हड़ताल पर बैठे लोगों ने राहुल गांधी हमें बचाओ के नारे लगाए। कुछ लोग इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की तस्वीरें लेकर उनका इंतजार करते नजर आए। यात्रा में एक शख्स ऐसा भी देखा गया जो हूबहू राहुल गांधी का हमशक्ल था, कुछ लोग उसे ही राहुल गांधी समझ बैठे और उनके साथ चल पड़े। इस यात्रा में विभिन्न धर्मों के लोग शामिल हुए।

यह यात्रा करीब 2 दिन तक चड़वाल में बने अस्थाई निवास स्थान पर विश्राम करेंगी। राहुल गांधी 21 तारीख की शाम को दिल्ली से चड़वाल पहुंचेंगे और 22 तारीख की सुबह फिर से यात्रा शुरू होगी। भारत जोड़ो यात्रा 23 तारीख की शाम 6 बजे तक सतवारी जम्मू पहुंचेगी, जहां राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker