हिसार: तिरंगा के नाम पर वसूली करना गलत, हर घर तक मुफ्त पहुंचाए सरकार: हनुमान वर्मा
झंडा फहराने की अनुमति दिलवाने वाले नवीन जिंदल को मिले भारत रत्न
हिसार, 08 अगस्त। भाजपा नेता व स्वाभिमान की आवाज संगठन के अध्यक्ष प्रजापति हनुमान वर्मा कहा है कि तिरंगा के नाम पर वसूली करना गलत है। सरकार को हर घर तक मुफ्त तिरंगा की व्यवस्था करनी चाहिए। हनुमान वर्मा ने सोमवार को कहा कि जनता पर ये थोपना गलत है कि तिरंगा नहीं खरीदा तो राशन नहीं मिलेगा। जनता किस बात के 20-20 रुपये दे। यह सोचकर दुख होता है कि हम किस देश में रह रहे हैं, क्या यही सोच कर हमारे अमर शहीदों ने देश को अंग्रेजों के चंगुल से आजाद करवाया था।
उन्होंने कहा कि सरकार यदि हर घर तिरंगा लगाना चाहती है तो हर घर तक मुफ्त तिरंगा पहुंचाए। तिरंगा हमारे देश की आन, बान, शान है, जिसकी कोई कीमत नहीं लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर अगर प्रधानमंत्री या केन्द्र सरकार इस पर विचार करती है तो देश में उनकी गरिमा और भी बढ़ेगी और लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा हर घर पर लगे या ना लगे पर तिरंगा हर भारतीय के दिल में वास करता है। उन्होंने केन्द्र सरकार से मांग की कि हर घर पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने वाले पूर्व सांसद नवीन जिंदल को इस उपलक्ष्य में भारत रत्न दिया जाना चाहिए।