शहर की यातायात व्यवस्था हर वर्ग को करती है प्रभावित- पुलिस कमिश्नर बी. सतीश बालन
सोनीपत
पुलिस कमिश्नर बी.सतीश बालन ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था हर वर्ग को प्रभावित करती है। ऐसे में इसमें पूरा सुधार किया जाएगा। जिससे आम नागरिक आसानी से आवागमन कर सके। साथ ही उन्होंने कहा कि सोनीपत में औद्योगीकरण का तेजी से विकास होने वाला है। ऐसे में अपराध बढ़ने की आशंका है। जिसे देखते हुए पहले ही अपराध पर नकेल कसने के लिए सोनीपत को पुलिस कमिश्नरी का दर्जा दे दिया गया है। अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा।
वह शुक्रवार शाम लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध व ट्रैफिक किसी को चुनौती नहीं मानती। हालांकि अगर प्राथमिकता की बात की जाए तो ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार कर ज्यादा लोगों को परेशानी से बचाया जा सकता। ट्रैफिक व्यवस्था से हर वर्ग प्रभावित होती है। सोनीपत की ट्रैफिक व्यवस्था पहले से काफी बेहतर हुई है। कुछ सड़कों के टूट जाने से दिक्कत बढ़ रही है। ऐसे में उन्होंने निर्माण करने वाली दोनों एजेंसी के अधिकारियों से चर्चा की है। सड़कों का निर्माण होने के बाद स्थिति में काफी सुधार होगा। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पहले ही तरह खराब नहीं है। उसके बावजूद इसमें जितना संभव हो सकेगा सुधार कर लोगों को सुगम सफर की सौगात दी जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सोनीपत में औद्योगीकरण तेजी से होने जा रहा है। मारुति-सुजुकी के साथ ही कई मल्टीनेशनल कंपनी सोनीपत में शुरू होने जा रही है। ऐसे में बढ़ते उद्योग से अपराध बढ़ने की आशंका बनी रहती है। अपराध बढ़ने के बाद उसे कम करने में समय लगता है। ऐसे में शासन ने पहले ही तैयारी कर सोनीपत को पुलिस कमिश्नरी का दर्ज दे दिया है। जिससे अपराध को बढ़ने से पहले ही उस पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि सोनीपत का दायरा बढऩे वाला है। ऐसे में यहां थानों की संख्या भी तेजी से बढ़ेगी। वहीं पुलिस अधिकारी भी ज्यादा नियुक्त होंगे। सोनीपत में छह डीसीपी की नियुक्ति की जानी है। वर्तमान में चार की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। जिसमें दो की नियुक्ति हो चुकी है। इस दौरान डीसीपी निकिता खट्टर और मयंक गुप्ता भी मौजूद रहे।