सोनीपत में मिनी बाइपास बनाएगा निगम, सेक्टर की तर्ज पर बसाएंगा सोसाइटी
-नगर निगम में पेश हुआ बजट, 305 करोड़ की आय का लक्ष्य व खर्च होंगे 197 करोड़
सोनीपत
नगर निगम ने बजट में शहर को एक बड़ी सौगात दी है। नगर निगम अपनी खाली पड़ी जमीनों पर सेक्टर की तर्ज पर आवासीय कालोनी विकसित करेगा। वहीं, शहर के रोहतक रोड से ककरोई तक मिनी बाइपास का निर्माण करेगा। साथ ही नगर निगम अपना खुद का इंडस्ट्रियल एरिया भी विकसित करेगा। जिससे निगम को अच्छी खासी आय होने की उम्मीद है। नगर निगम ने स्टाफ के लिए क्वार्टर बनाने का भी निर्णय लिया है। जो मुरथल के पास बनाएं जाएंगे। वहीं, खुद का पेट्रोल पंप खोल कर भी आय कमाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
शहर के विकास का ब्लूप्रिंट तैयार करने वाले नगर निगम प्रशासन की ओर से वित्त वर्ष के लिए अपना बजट पेश कर दिया है। नगर निगम वित्त वर्ष में 305 करोड़ रुपये कमाएंगा। जबकि 197 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नगर निगम प्रापर्टी टैक्स के रूप में 25 करोड़ रुपये, स्टांप ड्यूटी से 20 करोड़, सेल आफ लेंड और लीज चार्ज से 10 करोड़, रेंट से एक करोड़ 10 लाख रुपये, एफडी ब्याज से आठ करोड़, डेवलपमेंट चार्ज से 10 करोड़ रुपये कमाएंगा। इसके अलावा अन्य स्त्रोत से भी नगर निगम को आय होगी। जबकि इसमें से 197 रुपये विभिन्न मदों में खर्च होंगे।
सेक्टर की तर्ज पर सोसाइटी बसाने के लिए नगर निगम ने रेवली के पास 80 एकड़ जमीन और बैंयापुर के पास की अपनी खाली जमीन को चिह्नित किया है। नगर निगम इस जमीन को भूखंड में विभाजित कर बेचगा। इससे नगर निगम को 100 करोड़ रुपये से ऊपर की आमदनी होने की उम्मीद है। इस पैसे नगर निगम अपने क्षेत्र का विकास करेगा। नगर निगम अधिकारियों ने हाउस की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा। जिस पर पार्षदों ने सहमति जताई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस योजना पर काम शुरू हो सकेगा। जरूरतमंद लोगों का अपने घर का सपना सच हो सकेगा। वहीं, नगर निगम रोहतक रोड से ककरोई रोड तक मिनी बाइपास का निर्माण करेगा। जिस पर करीब पौने दो करोड़ रुपये खर्च होंगे।
नगर निगम की बैठक में मेयर निखिल मदान ने निगम का अपना खुद का पेट्रोल पंप लगाने का प्रस्ताव रखा। जिस पर पार्षदों ने सहमति दी है। दरअसल नगर निगम अपने वाहनों, जनरेटरों के पेट्रोल-डीजल पर सालाना डेढ़ करोड़ रुपये तक खर्च करता है। ऐसे में नगर निगम अपने जरिए ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये सालाना की कमाई कर सकता है। वहीं, पेट्रोल पंप से अन्य वाहन चालक भी पेट्रोल- डीजल खरीदेंगे तो आय का नया स्त्रोत मिलेगा। वहीं, मुरथल के पास स्टाफ के लिए क्वार्टर बनाने के प्रस्ताव पर भी पार्षदों से सहमति जताई है।
इस मौके पर विधायक सुरेंदर पंवार व विधायक मोहन लाल बड़ोली निगम की बैठक में मौजूद थे।