हर घर तिरंगा अभियान से बन रहा देश की नई पहचान : केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने आवास पर फहराया तिरंगा झंडा
लखनऊ, 13 अगस्त। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने आवास 7-कालिदास मार्ग पर तिरंगा झंडा, फहराया और सभी प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वह भी अपने-अपने घर पर तिरंगा झंडा फहरायें। आजादी के इस महापर्व पर उन्होंने कहा कि तिरंगा हम सबका गर्व है।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज पूरे देश और प्रदेश में ऐतिहासिक तिरंगा यात्राओं का आयोजन और हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। यह आयोजन एक ऐतिहासिक जन आंदोलन का साक्षी बन रहा है। इस कार्यक्रम का उत्साह हर गांव, हर कस्बे और शहर में दिख रहा है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे जुड़ाव को और अधिक मजबूत कर रहा है। हर घर तिरंगा अभियान देश की नई पहचान बन रहा है। एक नए इतिहास का निर्माण हो रहा है। हर घर तिरंगा अभियान एक बार फिर देश की एकता और चेतना का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा व हर घर तिरंगा अभियान में देश की भक्ति और शक्ति एक साथ झलक रही है। देश की युवा पीढ़ी में नये उत्साह, नयी ऊर्जा का संचार हो रहा है। कहाकि हर घर तिरंगा व तिरंगा यात्रा के उल्लास, उमंग व उत्साह के यह पल, यह क्षण, यह घड़ियां हम सबके मानस पटल पर चिर स्थाई रहेंगी और जब भी हमें इन प्रेरक स्मृतियों की याद ताजा होगी, हम आजादी के जश्न में अपने को सराबोर महसूस करेंगे और देश प्रेम की भावना बलवती होगी।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा के साथ आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर दो संस्थानों के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुये। 1200 फिट लम्बे राष्ट्रीय ध्वज के साथ यह तिरंगा यात्रा बंगला पुल चौराहा, वीआईपी रोड, लखनऊ से पीएमएस, एल्डिको कालोनी, आशियाना, लखनऊ तक आयोजित की गयी। उन्होंने यात्रा का शुभारंभ करते हुये यात्रा का नेतृत्व भी किया।