कानपुर वासियों को ठंड से मामूली राहत, दहाई अंक पर पहुंचा पारा
कानपुर, 21 नवम्बर। शहर में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान दहाई अंक पर आ गया। दिन में यह 11.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा और आज 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सी.एस.ए यूनिवर्सिटी एवं भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 5 दिनों में साफ आसमान रहने के आसार हैं, वर्षा की कोई संभावना नहीं है। पश्चिमी विछोह के कारण दो दिन हवाओं की गति धीमी रहेगी।
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ.यस.एन.सुनील पांडेय ने बताया कि दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ डिप्रेशन पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग 12 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। आज 5:30 आईएसटी बजे यह दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 11.9 डिग्री अक्षांश उत्तर और देशांतर 84.2 डिग्री पूर्व में जाफना (श्रीलंका) के 520 किमी पूर्व-पूर्वोत्तर, कराईकल के 490 किमी पूर्व-पूर्वोत्तर, मछलीपट्टनम के 580 किमी दक्षिणपूर्व और 450 किमी चेन्नई के पूर्व-दक्षिण पूर्व में था। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है और 22 नवम्बर तक यह एक गहरे कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है। केरल और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 24 नवम्बर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक ताजा चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि
आगामी चौबीस घंटे के दौरान, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ता रहेगा और मंगलवार 22 नवम्बरकी सुबह तक कमजोर होकर गहरे कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। 21 से 23 नवम्बर के बीच आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तट पर समुद्र की स्थिति खराब हो सकती है तथा समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों और तमिलनाडु के उत्तरी तट पर कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है। 23 नवम्बर से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश संभव है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।