इतिहास का ‘सच’ सामने आना जरूरी: कंवर पाल
-स्कूल बोर्ड की पाठ्य पुस्तकों के विवाद पर बोले शिक्षा मंत्री
चंडीगढ़ हरियाणा के शिक्षामंत्री कंवर पाल ने कहा है कि इतिहास में कई तरह के घटनाक्रम हुए हैं। सभी का ‘सच’ सामने आना चाहिए। केवल एक पक्ष को ही पढ़ाने से वर्तमान पीढ़ी को ज्ञान नहीं होगा। इतिहास से जुड़ी हर तरह की बात सबके सामने आनी चाहिए।
शिक्षामंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शिक्षामंत्री ने कहा कि वीर सावरकर के बारे में पहले भी पढ़ाया जा रहा था। आजादी की लड़ाई में वीर सावरकर का संघर्ष बेमिसाल है। आजादी आंदोलन में महात्मा गांधी, भगत सिंह, सरदार पटेल आदि नेताओं की विचारधारा अलग थी। आजादी के आंदोलन में हुई घटनाओं का श्रेय कांग्रेस लेती रही है। वहीं कुछ गलतियां भी हुई हैं।
शिक्षामंत्री ने आरके नेहरू की पत्नी राजन नेहरू की किताब का हवाला देते हुए कहा कि विभाजन को स्वीकार करना ऐतिहासिक घटना थी। इसके लिए उस समय के शासकों को ही जिम्मेदार माना जाएगा। शिक्षामंत्री ने कहा कि हरियाणा के मदरसों में 15 अगस्त मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय गान का सम्मान करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है। हरियाणा के मदरसों में भी राष्ट्रीय गान को अनिवार्य किया जाएगा।