सफदरजंग अस्पताल से गायब हुई महिला को पुलिस ने 12 घंटे में ढूंढ निकाला
नई दिल्ली, 20 जुलाई। राजधानी दिल्ली में कुछ दिनों पहले ही अपने बेटे के साथ बुजुर्ग महिला आई थी। महिला के बेटे का सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसी दौरान महिला का संपर्क अपने बेटों से टूट गया और वो कहीं खो गई। इसके बाद बेटों ने बुजुर्ग मां की खोजबीन करनी शुरू कर दी। घंटों ढूंढने के बाद भी जब बुजुर्ग मां नहीं मिली तो परिवार वालों ने सफदरजंग पुलिस स्टेशन में सूचना दी। सूचना के 12 घंटे बाद महिला को बरामद किया गया। महिला उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली है।
पुलिस के मुताबिक, सफदरजंग पुलिस चौकी पर तैनात जवानों मंगलवार को बुजूर्ग महिला के गुम होने की सूचना मिली। जिसके बाद महिला को खोजना शुरू कर दिया। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। महिला के पास मोबाइल फोन नहीं था। ऐसे में एसएचओ संतोष रावत की टीम ने काफी कोशिश करने के बाद युसूफ सराय मार्केट से उसे बरामद किया। महिला यहां फुटपाथ पर बैठी हुई मिली। वहीं, महिला के मिलने के बाद परिजन खुश है। बेटे ने दिल्ली पुलिस का शुक्रिया अदा किया है।