लोकतंत्र की हत्या करने में जुटी है केजरीवाल सरकार : बिधूड़ी
नई दिल्ली, 17 जनवरी। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार विपक्ष को सदन में बोलने नहीं दे रही है। यह सरकार लोकतंत्र की हत्या करने में जुटी है।
बिधूड़ी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार तानाशाहीपूर्ण और मनमाना रवैया अपनाते हुए विपक्ष का गला घोंट रही है। विपक्ष के नियमानुसार नियम-55 के अंतर्गत भ्रष्टाचार पर चर्चा को मंजूरी देने के बावजूद उन्हें सदन में बोलने की इजाजत नहीं दी गई। छह विधायकों को मार्शल द्वारा विधानसभा से बाहर निकाल दिया गया।
बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा के विधायकों ने नियम-55 के अंतर्गत विषय उठाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के पास नोटिस भेजा था। जिसे मंजूर कर लिया गया था। भाजपा विधायक केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में हजारों करोड़ रुपये आप नेताओं की जेब में जाने के पर्याप्त सबूत सामने आ चुके हैं। क्लास रूम घोटाले में तो स्वयं केंद्रीय सतर्कता आयोग ने रिपोर्ट दी है। जल बोर्ड घोटाले का आलम यह है कि 2016 के बाद न तो बैलेंस शीट बनी है और न ही ऑडिट हुआ है। डीटीसी की एक हजार बसों की खरीद में घोटाले का भेद खुलने के बाद स्वयं केजरीवाल सरकार को वर्क ऑर्डर कैंसिल करना पड़ा। बिजली सब्सिडी घोटाला भी किसी से छिपा नहीं है। जिसमें प्राइवेट कंपनियों को हजारों करोड़ रुपये का अवैध लाभ पहुंचाया गया।
बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्वयं भ्रष्टाचार के पोषक बने हुए हैं क्योंकि उनके अपने मंत्री सत्येंद्र जैन लगभग आठ महीने से जेल में हैं लेकिन केजरीवाल उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने के लिए तैयार नहीं हैं। केजरीवाल का मंत्रिमंडल अब भ्रष्टाचारियों की मित्र मंडली बन गई है।